Bhiwani Karate Academy

Bhiwani Karate Academy
Join Now

Ticker

8/recent/ticker-posts

महाराजा श्री दक्ष प्रजापति जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित किया जाए एवं भिवानी में शीघ्र बनाया जाए प्रजापति प्रवेश द्वार : संतोष देवी

महाराजा श्री दक्ष प्रजापति जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित किया जाए एवं भिवानी में शीघ्र बनाया जाए प्रजापति प्रवेश द्वार : संतोष देवी

भिवानी, 27 जुलाई। महाराजा श्री दक्ष प्रजापति जयंती के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ महाराजा श्री दक्ष प्रजापति जी का स्मरण किया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा समाज की एकता, संगठन एवं उत्थान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय परिवर्तन पार्टी (एल.बी.) की राष्ट्रीय मुख्य महासचिव संतोष देवी ने कहा कि महाराजा श्री दक्ष प्रजापति समाज के गौरव, श्रम, स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग करते हुए कहा कि महाराजा श्री दक्ष प्रजापति जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि समाज के लोग पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ इस दिवस को मना सकें।

उन्होंने आगे कहा कि भिवानी शहर में महाराजा श्री दक्ष प्रजापति के नाम से एक भव्य प्रजापति प्रवेश द्वार का निर्माण शीघ्र कराया जाए, जिससे समाज की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान को स्थायी सम्मान मिल सके। संतोष देवी ने कहा कि प्रजापति समाज की महिलाओं ने हमेशा परिवार, समाज और संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज आवश्यकता है कि महिला शक्ति को सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में और अधिक अवसर एवं सम्मान प्रदान किया जाए। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।

इस अवसर पर हिमांशु जालंधरा ने कहा कि हरियाणा सरकार को हरियाणा माटी कला बोर्ड के चेयरमैन की नियुक्ति शीघ्र करनी चाहिए, ताकि प्रजापति समाज को उसका उचित प्रतिनिधित्व और अधिकार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रजापति समाज के कल्याण एवं माटी कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ आज भी अनेक पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पा रहा है। 

यदि माटी कला बोर्ड में शीघ्र चेयरमैन की नियुक्ति की जाती है तो सरकार और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा पात्र लाभार्थियों तक सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा। इससे पारंपरिक माटी कला को भी नई पहचान मिलेगी और समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महाराजा श्री दक्ष प्रजापति के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में एकता, भाईचारे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मुख्य महासचिव संतोष देवी, सोना देवी, कौशल्या देवी, कमलेश देवी, रेणुबाला, वीरमती देवी, ज्योति, सुनीता, मोनिका वर्मा, निर्मल देवी सहित समाज की अनेक मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।