दीपावली पर कुम्हारों एवं छोटे दुकानदारों को बाजारों में सामान बेचने की उचित व्यवस्था करे प्रशासन : संतोष बीरेन्द्र जालंधरा
दीपावली पर कुम्हारों एवं छोटे दुकानदारों को बाजारों में सामान बेचने की उचित व्यवस्था करे प्रशासन : संतोष देवी
भिवानी,05 नवंबर : राष्ट्रवादी परिवर्तन पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य महासचिव संतोष देवी ने हरियाणा सरकार एवं जिला प्रशासन से दीपावली के पावन पर्व पर कुम्हारों और अन्य छोटे दुकानदारों को बाजारों में मिट्टी के दीपक, मिट्टी के बर्तन एवं सजावटी सामान बेचने के लिए उचित स्थान उपलब्ध करवाने की मांग की है।
संतोष देवी ने कहा कि दीपावली का त्योहार कुम्हारों एवं पारंपरिक कारीगरों के लिए रोजगार और आय का एक महत्वपूर्ण अवसर होता है। ये कारीगर पूरे वर्ष मेहनत करके मिट्टी के दीपक एवं अन्य पारंपरिक सामान तैयार करते हैं, ताकि त्योहार के अवसर पर उनकी बिक्री कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।
उन्होंने राजस्थान के अलवर जिले में मिट्टी के दीपक बेच रहे कुम्हार समाज के लोगों को प्रशासन द्वारा बाजार से हटाए जाने की सामने आई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों से छोटे दुकानदारों और पारंपरिक कारीगरों की आजीविका प्रभावित होती है।
उन्होंने हरियाणा सरकार एवं भिवानी जिला प्रशासन से मांग की कि शहरों और गांवों के मुख्य बाजारों में कुम्हारों एवं छोटे दुकानदारों के लिए उचित स्थान निर्धारित किया जाए। दीपावली के अवसर पर उन्हें निर्धारित स्थानों पर बिना किसी शुल्क के अपना सामान बेचने की सुविधा दी जाए तथा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
संतोष देवी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि इस दीपावली पर मिट्टी के दीपक एवं स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी को प्राथमिकता दें। इससे न केवल हमारी पारंपरिक कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि छोटे कारीगरों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सहयोग भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 'लोकल फॉर वोकल' केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।