सरकार कर रही हठधर्मिता, सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगें जल्द पूरी करे हरियाणा सरकार: संतोष बीरेंद्र जालंधरा
भिवानी,23 अगस्त । राष्ट्रवादी परिवर्तन पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य महासचिव संतोष बीरेंद्र जालंधरा ने हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर एवं ईमेल के माध्यम से प्रदेश के सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ की हड्डी हैं, जो दिन-रात मेहनत करके प्रदेश को स्वच्छ, साफ-सुथरा एवं स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
"संतोष बीरेंद्र जालंधरा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का कार्य बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण है। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया। ऐसे कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन, सुरक्षित कार्य परिस्थितियां और सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।"
उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग की कि सफाई कर्मचारियों द्वारा पूर्व में उठाई गई तथा सरकार के समक्ष रखी गई सभी जायज मांगों को जल्द से जल्द लागू किया जाए। सरकार को सफाई कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना जाना चाहिए और आपसी बातचीत एवं सहमति के माध्यम से सभी लंबित मुद्दों का समाधान निकाला जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार को हठधर्मिता छोड़कर सफाई कर्मचारी यूनियनों के साथ सकारात्मक एवं संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए। बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालना लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कर्मचारियों की मांगों को लगातार लंबित रखने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि सरकार और कर्मचारियों के बीच दूरी बढ़ेगी।
"संतोष बीरेंद्र जालंधरा ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश के कई हिस्सों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सरकार को तत्काल सफाई कर्मचारी यूनियनों से बातचीत करके समाधान निकालना चाहिए और पूरे हरियाणा में सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से चालू करवाना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।"
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज की स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रहरी हैं। जो लोग सुबह से रात तक शहरों और गांवों को साफ रखने का काम करते हैं, उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
संतोष बीरेंद्र जालंधरा ने मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से अपील की कि सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए पूर्व में रखी गई मांगों को जल्द लागू किया जाए, यूनियनों के साथ बैठकर बातचीत की जाए तथा पूरे प्रदेश की सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रवादी परिवर्तन पार्टी सफाई कर्मचारियों के न्यायसंगत अधिकारों और सम्मान के लिए उनके साथ खड़ी है तथा उनकी समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाती रहेगी।
