“महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर समाज में भाईचारा और राष्ट्रप्रेम मजबूत करें” — विशाल जालंधरा
इंडियन हाई स्कूल में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई
भिवानी, 2 अक्टूबर। ढाणा रोड स्थित इंडियन हाई स्कूल, भिवानी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इस अवसर पर बीरेंद्र जालंधरा फाउंडेशन के संस्थापक विशाल जालंधरा ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। गांधी जी का सत्य एवं अहिंसा का संदेश तथा शास्त्री जी का “जय जवान, जय किसान” का नारा आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हमें महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना चाहिए।
विद्यालय के प्रिंसिपल पृथ्वी सैनी ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का आदर्श प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर देश व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, संघर्ष, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को उनके दिखाए सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पत्रकार अजीत सिंह भिवानी, मंजू महता, ममता, सोनिया महता, हर्षा, इशांत, गरिमा, चंचल, अक्षरा, शिवांश, निकुंज, वंश एवं संदीप सहित विद्यालय के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।